रिपोर्ट - नीलम मिश्रा
28 Nov 2025 / 09:54 PM
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष (28 नवंबर 2025) पूरे होने पर रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया. इसमें मुख्यमंत्री ने सहायक आचार्य और डीएसपी समेत 8792 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपा. सीएम ने कहा कि सरकारी नौकरी के साथ-साथ प्राइवेट सेक्टर में युवाओं को नौकरी और रोजगार देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है.
रांची: झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष (28 नवंबर 2025) पूरे होने पर रांची के मोरहाबादी मैदान में भव्य राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर सीएम हेमंत सोरेन ने 8792 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया. उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के साथ सरकार हर कदम पर खड़ी है. आज आपके भविष्य के साथ एक नया अध्याय जुड़ रहा है. आप सरकार के अभिन्न अंग के रूप में अब अपनी सेवा देंगे. पूरा विश्वास कि आप राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में अपना अहम योगदान देंगे. आज जिन्हें नियुक्ति पत्र मिला है, उससे कम से कम 50 हजार लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है. इसी वर्ष 16 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और 8 हजार लोगों को गैर सरकारी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया है. पिछले कुछ वर्षों के दौरान सरकारी और निजी क्षेत्र में हजारों लोगों को नौकरी और रोजगार से जोड़ने का सार्थक पहल सरकार के स्तर पर हुआ है. नियुक्तियों का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा.
मन उत्साहित भी है और उदास भी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज राज्य सरकार अपने दूसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ मना रही है. यह दिन हम सभी के लिए काफी उत्साह वाला है, लेकिन मन थोड़ा उदास भी है क्योंकि दिशोम गुरु शिबू सोरेन इस ऐतिहासिक समारोह में हमारे बीच नहीं हैं. वे अगर आज होते तो इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलता देख काफी खुश होते. मुख्यमंत्री ने महान सुधारक ज्योतिबा फुले को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया.
नियुक्तियों में बरती जा रही है ईमानदारी और पारदर्शिता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि तमाम चुनौतियों के बीच झारखंड में नियुक्ति प्रक्रिया जारी है. सरकार पूरी शिद्दत, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ इस राज्य के नौजवानों को सशक्त बना रही है. हालांकि, कुछ ऐसे भी तत्व हैं, जो इसका विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार इसकी चिंता किए बगैर अपना कार्य कर रही है. हमारा मकसद इस राज्य में नया आयाम स्थापित करना है.
मंईयां सम्मान योजना का दिख रहा असर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा किए गए कार्यों का चौतरफा असर देखने को मिल रहा है. इस कड़ी में आधी आबादी को सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का प्रभाव पूरी तरह झलक रहा है. आज महिलाएं इस योजना से जुड़कर स्वावलंबी बन रही हैं. उन्होंने नियुक्ति पत्र लेने के लिए आई एक महिला का जिक्र करते हुए कहा कि उसने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत मिली सम्मान राशि से अपनी पढ़ाई पूरी की और आज पदाधिकारी बनकर हमारे बीच हैं. उन्होंने यह भी कहा कि सहायक आचार्य में 40 प्रतिशत और जेपीएससी सिविल सेवा में 30 प्रतिशत महिलाएं चुनकर आईं हैं, जो महिला सशक्तीकरण का बेहतरीन उदाहरण है.
इन पदों के लिए नवनियुक्त अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
समारोह में कुल 8792 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया. इसमें झारखंड लोक सेवा आयोग की 11वीं से 13 वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा से अनुशंसित 197 उप समाहर्ता, 35 पुलिस उपाधीक्षक, 55 राज्य कर पदाधिकारी, 2 काराधीक्षक, 08 झारखंड शिक्षा सेवा श्रेणी -2, 01 जिला समादेष्टा, 8 सहायक निबंधक, 14 श्रम अधीक्षक, 6 प्रोबेशन पदाधिकारी और 3 उत्पाद निरीक्षक हैं. इसके साथ दंत चिकित्सक के 22, कीटपालक के 150 और सहायक आचार्य के 8291 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिला. कर्तव्य के दौरान 84 शहीद पुलिस कर्मियों के पारिवारिक सदस्यों को भी अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र दिया गया.
मौके पर ये थे मौजूद
इस अवसर पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री दीपक बिरुवा, मंत्री चमरा लिंडा, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री सुदिव्य कुमार, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक ममता देवी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह एवं विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव, सचिव तथा अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे.