रिपोर्ट- प्रवीण कुमार मिश्रा
13 Dec 2025 / 09:58 PM
प्रभात खबर के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी केंद्रीय सूचना आयुक्त नियुक्त किए गए हैं. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इन्हें बधाई दी है. उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के लंबे अनुभव का लाभ मिलेगा. सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ेगी.
रांची-प्रभात खबर (Prabhat Khabar) के प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी (Ashutosh Chaturvedi) को केंद्रीय सूचना आयुक्त (Central Information Commissioner) बनाया गया है. वे 15 दिसंबर 2025 से नया कार्यभार संभालेंगे. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ (Sanjay Seth) ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में उनके लंबे अनुभव रहे हैं. उनका व्यक्तित्व शुचिता और सरलता के लिए जाना जाता है. उनके मार्गदर्शन में सिस्टम में और पारदर्शिता और शुचिता बढ़ेगी. केंद्रीय सूचना आयोग की कार्यप्रणाली और भी बेहतर होगी.
आशुतोष चतुर्वेदी को जानिए
हिंदी पत्रकारिता में आशुतोष चतुर्वेदी जाना-माना नाम हैं. मीडिया जगत में तीन दशक से अधिक का अनुभव है. उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में सक्रिय भूमिका निभायी है. इंडिया टुडे और संडे ऑब्जर्वर जैसे नामचीन संस्थानों में काम किया. बीबीसी हिंदी से जुड़कर उन्होंने डिजिटल मीडिया को मजबूती दी. अमर उजाला (नोएडा संस्करण) में कार्यकारी संपादक के पद पर भी वे अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
देश-विदेश की पत्रकारिता का है अनुभव
आशुतोष चतुर्वेदी ने भारत के साथ-साथ विदेशों में भी पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया है. प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के साथ एक दर्जन से अधिक देशों की उन्होंने विदेश यात्रा की है. वे एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्य भी हैं.